बेरुत
सीरिया के उत्तरी हिस्से में हुए संदिग्ध रासायनिक हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 75 हो गई। बचावकर्मियों ने इस हमले में जीवित बचे कई लोगों को घटनास्थल से बाहर निकाला। सीरिया के एक विपक्षी समूह का कहना है कि इदलिब प्रांत के खान शेखुन कस्बे पर जघन्य हमले के एक दिन बाद बुधवार को फिर से हवाई हमले शुरू गए।
इस हमले के लिए ट्रंप प्रशासन ने सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद की सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि असद के संरक्षकों, रूस और ईरान की इन मौतों को लेकर अधिक नैतिक जिम्मेदारी बनती है। असद प्रशासन और रूस की सरकार ने इस हमले के पीछे अपनी किसी भूमिका से इनकार किया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जब सीरियाई हवाई हमले में विद्रोहियों के एक आयुध भंडार को निशाना बनाया गया तो जहरीला रसायन फैल गया।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में इस हमले को लेकर बुधवार को एक बैठक हुई है। ब्रसेल्स में 70 देशों के अधिकारी सीरिया एवं क्षेत्र के भविष्य को लेकर आयोजित सम्मेलन में शामिल हुए। सीरियाई ऑब्जरवेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि मृतकों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। कई लोग लापता हैं ऐसे में मृतकसंख्या और बढ़ सकती है।
Source:indiatimes.com
No comments:
Post a Comment