न्यूयॉर्क, प्रेट्र। दुनिया के पहले थ्री-पैरेंट बेबी (तीन अभिभावकों की संतान) के जन्म की आइवीएफ तकनीक सार्वजनिक हो गई है। वैज्ञानिकों ने पिछले साल छह अप्रैल को न्यूयॉर्क में इस तकनीक से एक स्वस्थ बच्चे को जन्म देने में सफलता हासिल की थी।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, बच्चे के जन्म में माइटोकॉन्डि्रयल रिप्लेसमेंट थेरेपी (एमआरटी) की प्रक्रिया अपनाई गई थी। इसकी मदद से माइटोकॉन्डि्रया की गंभीर खामी के कारण होने वाले लीफ सिंड्रोम से बच्चे को बचाया जा सका। न्यूयॉर्क स्थित न्यू होप फर्टिलिटी सेंटर के जॉन झेंग और उनकी टीम ने इस प्रक्रिया को अंजाम दिया था। वैज्ञानिकों ने बताया कि माइटोकॉन्डि्रया को कोशिकाओं का पावर हाउस कहा जाता है। बच्चे की मां के माइटोकॉन्डि्रया में कुछ खामी है। यही खामी गर्भधारण के बाद बच्चे में जानलेवा बन जाती है। इसी कारण महिला का चार बार गर्भपात हो गया था। दो बार उसने बच्चों को जन्म दिया, लेकिन वे जीवित नहीं रह सके।
नई तकनीक में मां के अंडाणु के एक न्यूक्लियर जीनोम को अन्य महिला के स्वस्थ माइटोकॉन्डि्रया वाले अंडाणु के जीनोम से बदल दिया गया। इसके बाद अंडे का निषेचन कर उसे मां के गर्भ में प्रत्यारोपित कर दिया गया। इस तरह से बच्चे का जन्म दो मां और एक पिता से हुआ। दंपती जॉर्डन के रहने वाले हैं। इस तकनीक की सफलता से भविष्य में आनुवांशिक रूप से होने वाली जन्मजात बीमारियों से बच्चों को बचाना संभव हो सकता है।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment