समीर ने जब मुंबई की सड़कों पर हर रोज 100 किलोमीटर की दौड़ शुरु की तो उन्हें देखने वाले हैरान रह गए.
समीर ने जब मुंबई की सड़कों पर दौड़ना शुरू किया तो सोशल मीडिया पर 'The Faith Runner' के नाम से कैंपेन भी शुरु की गई.
नई दिल्ली: 100 दिन तक दौड़ लगाकर रविवार को मध्य प्रदेश के रहने वाले समीर जब मुंबई पहुंचे तब तक वे एक विश्व रिकॉर्ड कायम कर चुके थे. 42 वर्षीय समीर ने रोज 100 किलो मीटर दौड़कर 10,000 किलो मीटर की दूरी तय की और इतिहास रच दिया. उन्होंने 29 अप्रैल को दौड़ना शुरु किया था. बीच में एक दिन चोट लग जाने की वजह से वे सिर्फ 50 किलो मीटर ही दौड़ पाए थे लेकिन उन्होंने इस दूरी को धीरे धीरे पूरा कर लिया.
1972 में मंदसौर के गांव कान्याखेड़ा में जन्मे समीर ने कहा, "मैं बचपन में अपने दोस्तों को छेड़कर भाग जाता था, तो कोई उन्हें पकड़ ही नहीं पाता था. उसी वक्त अंदाजा हो गया था कि वे दौड़ने के लिए पैदा हुए हैं." समीर बताते हैं कि 2004-05 में उन्होंने पहली मैराथन रेस में हिस्सा लिया था. इससे पहले तक उन्होंने मैराथन का नाम भी नहीं सुना था. जब उन्हें पता चला इसमें अच्छे पैसे मिलते हैं तो मुंबई चले आए.
समीर ने कहा, "2008 में केन्या के रेसर को देखा तो लगा उन्हें हराना असंभव है. तब रेस की दूरी बढ़ाने का फैसला किया. फिर अमेरिका की सेल्फ ट्रांसेंडेंस 3100 माइल रेस के बारे में पता चला. इसमें 52 दिनों में 3100 मील, यानी 4988.9 किमी दौड़ते हैं. तय किया कि इससे दोगुना दौड़ना है. पिछले साल 100 दिन में 10 हजार किमी दौड़ने की योजना बनाई और अपने गुरु इस्कॉन टेंपल के राधिका कन्हाई प्रभु जी के पास गया. उन्होंने वृंदावन जाने को कहा. और बोले कि वहां रुकने-खाने की व्यवस्था हो जाएगी. नवंबर 2016 में वृंदावन चला गया. शुरुआत 10 किमी दौड़कर शहर परिक्रमा से होती, फिर राधाकुंड तक 21 किमी, वहां से गोवर्धन की 24 किमी की परिक्रमा और फिर 21 किमी की वापसी. यानी रोज 75 किमी की दौड़ होने लगी. पहले सप्ताह में दो-तीन दिन और बाद में हफ्ते में 6 दिन तक बढ़ा लिया. यह सिलसिला इस साल 22 मार्च तक चला. फिर मुंबई लौट आया. आखिरकार 29 अप्रैल को दौड़ शुरू कर दी और आज पूरी भी कर ली."
समीर ने जब मुंबई की सड़कों पर हर रोज 100 किलोमीटर की दौड़ शुरु की तो उन्हें देखने वाले हैरान रह गए. उनकी इस दौड़ में कई लोग हिस्सा भी बने जो बीच बीच में उनके साथ दौड़ लगाने लगते थे. इसके लिए बकायदा सोशल मीडिया पर 'The Faith Runner' के नाम से कैंपेन भी शुरु की गई.
Source:zeenews.com
No comments:
Post a Comment