इस्लामाबाद।पाकिस्तानी राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच बनने लिए किसी भी पूर्व दिग्गज पाक क्रिकेटर का आवेदन नहीं आया है। मोहसिन खान, मोइन खान और आकिब जावेद सहित कुछ प्रमुख खिलाड़ियों का मानना है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड(पीसीबी) ने पहले ही विदेशी कोच को नियुक्त करने का मन बना लिया है। इसलिए ये पूर्व दिग्गज खिलाड़ी कागजी कार्यवाही में अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहते हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान बोर्ड को केवल दो लो प्रोफाइल पूर्व क्रिकेटर के आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसमें मंजूर इलाही जैसे क्रिकेटर शामिल हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मुख्य कोच पद के लिए आवेदन की अंतिम ताऱीख 25 अप्रैल रखी थी।
सूत्रों ने बताया कि टीम के मुख्य कोच के लिए मोहसिन खान, मोईन खान और आकिब जावेद के नामों की चर्चा की गई थी लेकिन इनमें से किसी ने भी इस पद के लिए अपनी इच्छा जाहिर नहीं की। पूर्व तेज गेंदबाज आकिब जावेद ने कहा, 'पीसीबी पहले से ही विदेशी खिलाड़ी को मुख्य कोच बनाने का मन बना चुका है। अगर वह पाकिस्तानी खिलाड़ी को इस पद पर नियुक्त करने के प्रति गंभीर होता तो वह हमसे सीधे बात करता।
आकिब ने कहा मैंने इसलिए आवेदन नहीं दिया क्योंकि कोचिंग कमेटी के मुख्य लोगों में शामिल वसीम अकरम और रमीज राजा ने पहले ही बोर्ड को विदेशी कोच की सलाह दी है।पूर्व टेस्ट कप्तान मोसिन खान ने भी इसी वजह से आवेदन नहीं दिया।
विदेशी खिलाड़ियों में दो बार इंग्लैंड टीम के कोच रह चुके पीटर मूर, ऑस्ट्रेलिया के टॉम मूडी, जेमी सिडन, स्टुअर्ट लॉ और डीन जोंस के अलावा दक्षिण अफ्रीकी टीम के पूर्व कोच मिकी ऑर्थर ने पाकिस्तानी टीम के मुख्य कोच बनने के लिए अपनी इच्छा जताई है। इन विदेशी खिलाड़ियों ने पाक टीम के कोच बनने के लिए आवेदन दिया है।
No comments:
Post a Comment