Monday, 2 May 2016

पुलिस के हत्थे चढ़े नेहरू की कटार चुरानेवाले

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली । चाणक्यपुरी स्थित नेहरू मेमोरियल म्यूजियम एंड लाइब्रेरी से देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की एंटीक सोने की कटार चोरी होने की गुत्थी अपराध शाखा ने 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। पुलिस ने संग्रहालय के दो हाउस कीपिंग कर्मचारियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी हुई कटार बरामद कर ली है।

यह कटार कई दशक पूर्व सऊदी अरब के तत्कालीन एक शेख ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को तब भेंट की थी जब वह प्रधानमंत्री थे और सऊदी अरब गए थे। संवेदनशील मामला होने के कारण घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस आयुक्त आलोक कुमार वर्मा ने केस की तफ्तीश के लिए तुरंत क्राइम ब्रांच को भी लगा दिया था। विशेष आयुक्त, अपराध शाखा ताज हसन के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम राम चंदर (32) और संदीप कुमार (30) है।

लंदन का मेयर बनने की दौड़ में 'डोगरा महाराज

लंदन का मेयर बनने की दौड़ में 'डोगरा महाराज'

लंदन, प्रेट्र । खुद को डोगरा महाराज बताने वाले भारतवंशी अंकित लव ब्रिटेन की राजधानी लंदन का मेयर बनने की दौड़ में शामिल हैं। कश्मीर से ताल्लुक रखने वाला यह 32 वर्षीय संगीतकार जीतने पर गांजा की बिक्री वैध कर देगा। साथ ही लंदन की हवा को स्वच्छ बनाने और मुफ्त शिक्षा का भी उन्होंने वादा किया है।

मेयर पद का चुनाव पांच मई को होना है। लव सहित 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला कंजरवेटिव पार्टी के जैक गोल्डस्मिथ और लेबर पार्टी के सादिक खान के बीच बताया जा रहा है। लेकिन, अंकित भी अपनी जीत के प्रति पूरी तरह आश्र्वस्त हैं। उन्होंने 'वन लव पार्टी' का बीते साल ब्रिटेन में गठन किया था। उन्होंने बताया कि इस पार्टी का मकसद पूरी दुनिया में एकता और शांति का संदेश फैलाना है।

सरे में पले-बढ़े लव के अनुसार उनकी पार्टी क्रांतिकारियों का समूह है। उनकी पार्टी की सबसे विवादित योजना गांजा बिक्री को कानूनी करना है। उन्होंने मेयर बनने पर लाइसेंसी डिस्पेंसरी से गांजा बिक्री की इजाजत देने का वादा किया है। उनकी पार्टी का कहना है कि चालक के बिना चलने वाली इलेक्टि्रक कारों को बढ़ावा देकर वे लंदन में वायु प्रदूषण का स्तर कम करेंगे। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए ज्यादा से ज्यादा घरों पर सोलर पैनल लगाने, हाइड्रोजन ईधन का उत्पादन बढ़ाने और उच्च शिक्षा मुफ्त करने का भी उन्होंने वादा किया है।

पूर्व एमटीवी कलाकार लव पिछले साल उस समय चर्चा में आए थे जब उन्होंने खुद को भीम सिंह का बेटा होने के कारण जम्मू-कश्मीर का डोगरा महाराज घोषित किया था। भीम सिंह जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के पूर्व अध्यक्ष हैं। लिंकडेन पर अपने प्रोफाइल में भी उन्होंने खुद को जम्मू कश्मीर का महाराज बता रखा है। वे खुद को संगीतकार, फिल्मकार और डिजाइनर बताते हैं। अंकित लव नाम से प्रोडक्शन हाउस भी चलाते हैं। उनका आखिरी और इकलौता गीत 'स्पिल द मिल्की वे' दो साल पहले रिलीज हुआ था।

प्रकाश झा को झटका, जल्द बंद हो सकता है उनका मॉल

प्रकाश झा को झटका, जल्द बंद हो सकता है उनका मॉल

फिल्म निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा को बड़ा झटका लगा है। उनका पी एंड एम मॉल जल्द बंद हो सकता है। बिहार सरकार ने उस जमीन की लीज रद्द कर दी है, जहां पर झा का मॉल बना हुआ है।

उद्योग मंत्री जय कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के तहत वर्ष 2009 में उक्त भूखंड होली काउ पिक्चर्स के नाम से आवंटित किया गया था।

इसे बाद में प्रकाश झा के अनुरोध पर उसे एक नए नाम पी ऐंड एम मॉल के तहत इस शर्त पर दिया गया कि जो शर्तें होली काउ पिक्चर्स के नाम से आवंटन के समय निर्धारित की गई, वह बरकरार रहेंगी।

उन्होंने बताया कि शर्त के अनुसार उक्त भूखंड पर बनने वाले भवन में बियाडा के लिए एक क्षेत्रीय कार्यालय देना था, पर ऐसा नहीं किया गया!

मंत्री ने बताया कि इसके अलावा उस भूखंड को सबलीज करने से पूर्व बियाडा से अनुमति नहीं ली गई। यही नहीं सबलीज करने पर प्राप्त राशि में से 10 प्रतिशत बियाडा को दिया जाना था, लेकिन 2.60 करोड़ रुपये में से केवल 40 लाख रुपये जमा किए गए हैं।

पाटलिपुत्र औद्योगिक इलाके में स्थित प्रकाश झा के उक्त मॉल का क्षेत्रफल 58,300 वर्ग फुट है, जिसमें राज्य का पहला मल्टीप्लेक्स बना हुआ है। इसका उद्घाटन वर्ष 2011 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। उल्लेखनीय है कि प्रकाश झा पिछले लोकसभा चुनाव में जेडीयू के टिकट पर बेतिया संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़े थे, लेकिन वह हार गए थे।

खबर है कि मॉल के अधिकारी आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट में जाने पर विचार कर रहे हैं। वे उद्योग विभाग के प्रधान सचिव के समक्ष अपील दायर करने की भी योजना बना रहे हैं।

मेडिकल टेस्ट में हिजाब पर फैसले को चुनौती

मेडिकल टेस्ट में हिजाब पर फैसले को चुनौती

कोच्चि, प्रेट्र। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने ऑल इंडिया प्री मेडिकल टेस्ट में हिजाब पहनने को लेकर केरल हाई कोर्ट की एकल पीठ के फैसले को चुनौती दी है।

मंगलवार को जस्टिस मुहम्मद मुश्ताक ने इस साल होने वाली परीक्षा में मुस्लिम लड़कियों को हिजाब पहनने की इजाजत दे दी थी। इसके खिलाफ गुरुवार को सीबीएसई ने दो जजों की खंडपीठ के सामने याचिका दायर की। सीबीएसई का कहना है कि एकल पीठ ने अपने फैसले की वजह से लाखों छात्राओं पर पड़ने वाले प्रभाव को अनदेखा किया है।

खासकर ऐसे में जबकि परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सीबीएसई की दलील है कि इस वक्त महिला निरीक्षकों को खोजना और उन्हें धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने का प्रशिक्षण देना उसके लिए निहायत मुश्किल काम है।

AIIMS में आया दुर्लभ केसः डॉक्टर की लिखावट से गई बच्चे की जान

नई दिल्ली । पर्ची पर डॉक्टरों की लिखावट साफ नहीं होना और विटामिन डी का बेवजह इस्तेमाल किस कदर जानलेवा साबित हो सकता है, यह एम्स की एक केस स्टडी से समझा जा सकता है। पर्ची पर दवा के नाम की लिखावट अस्पष्ट होना 10 वर्षीय बच्चे के जीवन पर भारी पड़ गया।

गलती से विटामिन डी के ओवरडोज (अधिक मात्र) से बच्चे की मौत हो गई। विटामिन डी के दुष्प्रभाव से मौत का पहला मामला है। इसे दुर्लभ मामला मानते हुए एम्स के डॉक्टरों ने इस केस स्टडी को मेडिकल जर्नल (इंडियन जर्नल ऑफ पीडियाटिक्स) में प्रकाशित किया है।

डॉक्टरों के अनुसार विटामिन डी का इस कदर दुष्प्रभाव हुआ कि बच्चे के कई महत्वपूर्ण अंग प्रभावित हो गए और बच्चे की मौत हो गई। उम्र के अनुसार उस बच्चे की लंबाई अच्छी नहीं थी। माता-पिता चिंतित थे और उसका ग्रामीण क्षेत्र के एक अस्पताल में इलाज करा रहे थे।

डॉक्टर ने उसकी लंबाई बढ़ाने के लिए ग्रोथ हार्मोन की दवा लिखी थी। पर्ची पर लिखावट ठीक नहीं होने के चलते फार्मासिस्ट ने 600000 आइयू (इंटरनेशनल यूनिट) पावर की विटामिन डी की दवा दे दी। यह दवा 21 दिनों तक लगातार खाने से उसके शरीर में कैल्शियम की मात्रा अधिक हो गई।

इसके दुष्प्रभाव के चलते बच्चे के पेट में दर्द और उल्टी शुरू हो गई। उसे इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया। जहां जांच में साबित हुआ कि विटामिन डी की दवा के दुष्प्रभाव के चलते बच्चे की तबीयत बिगड़ी। एम्स के डॉक्टरों ने उसका इलाज किया।

स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन बाद में फिर एम्स में भर्ती करना पड़ा। ब्लड प्रेशर बढ़ने के चलते मस्तिष्क में सूजन और फेफड़े में पानी भर गया। इस वजह से सांस लेने में तकलीफ होने लगी। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। बच्चे के शरीर में संक्रमण भी हो गया था।

डॉक्टरों ने डायलिसिस भी की फिर भी शरीर में कैल्शियम की मात्रा कम नहीं हुई, क्योंकि उस बच्चे को विटामिन डी के निर्धारित डोज से 30 गुना अधिक डोज दिया गया था। एम्स पीडियाटिक विभाग की क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. झुमा शंकर ने कहा कि यह कुछ महीने पहले का मामला है।

चीन के दो और अंसतुष्ट नेताओं का भारत वीजा रद्द

चीन के दो और अंसतुष्ट नेताओं का भारत वीजा रद्द

उइगर नेता डोल्कन ईसा के बाद भारत ने गुरुवार को कथित तौर पर दो और असंतुष्ट चीनी नेताओं का वीजा रद्द कर दिया। चीन में लोकतंत्र के समर्थन में हुए थ्येनमान चौक आंदोलन की नेता लिउ जिंगुआ को न्यूयॉर्क में एयर इंडिया की फ्लाइट पकड़ने से ठीक पहले इसकी जानकारी मिली। हांगकांग निवासी मानवाधिकार कार्यकर्ता रे वोंग का वीजा भी खारिज हो गया। 

इन सभी नेताओं को धर्मशाला में 30 अप्रैल से लोकतंत्र के मुद्दे पर हो रहे सम्मेलन में हिस्सा लेना था। इस सम्मेलन में कई धर्मों और जातीय समुदायों के नेता शिरकत करने वाले हैं। जिंगुआ ने ट्वीट कर बताया कि उन्हें एयर इंडिया की ओर से फैसले की जानकारी मिली। जबकि उन्हें ईमेल के जरिये ई वीजा मंजूरी का संदेश मिला था। 

उल्लेखनीय है कि ईसा को पहले वीजा देने और बाद में उसे रद्द करने को लेकर सरकार को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था। चीन ने ईसा को आतंकवादी और सैकड़ों लोगों का हत्यारा बताते हुए उन्हें वीजा दिए जाने का विरोध किया था। ईसा के मामले में सरकार ने कहा था कि रेड कार्नर नोटिस होने के कारण उन्हें भारत दौरे की इजाजत नहीं दी जा सकती। हालांकि ताजा मामलों में सरकार की सफाई अभी नहीं आई है। 

वोंग पर चीन के नव वर्ष पर मोंग कोक इलाके में दंगा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार के बाद हाल ही में जमानत मिली है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय अधिकारियों का कहना है कि तमाम कार्यकर्ता पर्यटन वीजा पर पहले भी भारत की यात्रा करते रहे हैं। लेकिन ईसा का मामला गरमाने के बाद दूसरे नेता भी सुर्खियों में आ गए। गौरतलब है कि बीजिंग के थ्येनमान चौक पर लोकतंत्र के समर्थन में हुए कई माह से चल रहे आंदोलन को चीन सरकार ने चार जून 1989 को कुचल दिया था। चीनी सेना की कार्रवाई में सैकड़ों छात्र मारे गए थे। 

J-K: कुपवाड़ा के लोलाब में सेना के ऑपरेशन में मारा गया एक आतंकी

J-K: कुपवाड़ा के लोलाब में सेना के ऑपरेशन में मारा गया एक आतंकी

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा के लोलाब इलाके में सुरक्षा बलों के ऑपरेशन के दौरान एक आतंकवादी मारा गया. सुरक्षाबल इलाके में एक और आतंकी तलाश कर रहे हैं. खबर है कि एक आतंकी मस्जिद में छिप गया है. जानकारी के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया, जिसमें एक पुलिसवाला घायल हुआ है.

ईपीएफ ब्याज दर घटाने के खिलाफ आज देशव्यापी प्रदर्शन करेंगे ट्रेड यूनियन

नई दिल्ली (जेएनएन)। भविष्य निधि (ईपीएफ) जमा पर ब्याज दर को कम कर 8.7% करने के वित्त मंत्रालय के फैसले के खिलाफ ट्रेड यूनियन आज देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में दस ट्रेड यूनियन शामिल होंगी जिसमे इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस, ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस, सेंटर ऑफ इंडिया ट्रेड यूनियंस और ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर आदि शामिल हैं।

गौरतलब है कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने 2015-16 के लिए 8.8 फीसदी ब्याज दर की सिफारिश की थी जिसे वित्त मंत्रालय ने घटाकर 8.7 फीसदी कर दिया। श्रमिक संगठनों ने इस पर आपत्ति दर्ज की है और इसी के विरोधस्वरूप आज दस श्रमिक संगठनों ने देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।

कोई पूर्व पाक दिग्गज खिलाड़ी नहीं बनना चाहता पाकिस्तान टीम का कोच

इस्लामाबाद।पाकिस्तानी राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच बनने लिए किसी भी पूर्व दिग्गज पाक क्रिकेटर का आवेदन नहीं आया है। मोहसिन खान, मोइन खान और आकिब जावेद सहित कुछ प्रमुख खिलाड़ियों का मानना है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड(पीसीबी) ने पहले ही विदेशी कोच को नियुक्त करने का मन बना लिया है। इसलिए ये पूर्व दिग्गज खिलाड़ी कागजी कार्यवाही में अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहते हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान बोर्ड को केवल दो लो प्रोफाइल पूर्व क्रिकेटर के आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसमें मंजूर इलाही जैसे क्रिकेटर शामिल हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मुख्य कोच पद के लिए आवेदन की अंतिम ताऱीख 25 अप्रैल रखी थी।

सूत्रों ने बताया कि टीम के मुख्य कोच के लिए मोहसिन खान, मोईन खान और आकिब जावेद के नामों की चर्चा की गई थी लेकिन इनमें से किसी ने भी इस पद के लिए अपनी इच्छा जाहिर नहीं की। पूर्व तेज गेंदबाज आकिब जावेद ने कहा, 'पीसीबी पहले से ही विदेशी खिलाड़ी को मुख्य कोच बनाने का मन बना चुका है। अगर वह पाकिस्तानी खिलाड़ी को इस पद पर नियुक्त करने के प्रति गंभीर होता तो वह हमसे सीधे बात करता।

आकिब ने कहा मैंने इसलिए आवेदन नहीं दिया क्योंकि कोचिंग कमेटी के मुख्य लोगों में शामिल वसीम अकरम और रमीज राजा ने पहले ही बोर्ड को विदेशी कोच की सलाह दी है।पूर्व टेस्ट कप्तान मोसिन खान ने भी इसी वजह से आवेदन नहीं दिया।

विदेशी खिलाड़ियों में दो बार इंग्लैंड टीम के कोच रह चुके पीटर मूर, ऑस्ट्रेलिया के टॉम मूडी, जेमी सिडन, स्टुअर्ट लॉ और डीन जोंस के अलावा दक्षिण अफ्रीकी टीम के पूर्व कोच मिकी ऑर्थर ने पाकिस्तानी टीम के मुख्य कोच बनने के लिए अपनी इच्छा जताई है। इन विदेशी खिलाड़ियों ने पाक टीम के कोच बनने के लिए आवेदन दिया है।

क्रिकेट में वापसी करना चाहता है 11 वर्षीय नाबालिग को प्रताड़ित करने वाला क्रिकेटर

नई दिल्ली। बांग्लादेशी क्रिकेटर ने घर में काम करने वाली 11 वर्षीय नौकरानी को यातना देने के कारण उन्हें क्रिकेट से भी प्रतिंबधित कर दिया गया है। अब शहादत अपने गुनाह के लिए माफी मांग रहे हैं और क्रिकेट में वापसी कर बांग्लादेश के लिए खेलने चाहते हैं।

शहादत हुसैन ने अतीत में दिए गये अपने बयान में कहा था कि उन्होंने लड़की को प्रताड़ित करने वाली बात का खंडन किया था लेकिन अब वो माफी मांग रहे हैं और कह रहे हैं कि गलती हुई है। मुझे उस घटना का दुख है जिसका मैं हिस्सा था और मैं पूरे देश से माफी मांगता हूं।'

शहादत ने कहा, 'मैं देश और बीसीबी (बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड) से अपील करता हूं कि मुझे क्रिकेट में वापसी करने और अपनी गलती सुधारने का मौका दें। मैं अपने गलत काम के लिए माफी मांगता हूं।' शहादत हुसैन फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर है।

शहादत ने बांग्लादेश के लिए 38 टेस्ट मैचों में 72 विकेट लिए हैं, वहीं 51 वनडे में 47 विकेट हासिल किए हैं। 6 टी20 मुकाबलों में शहादत को 4 विकेट मिले हैं।