Monday, 12 September 2016

अब बाबा रामदेव लाएंगे स्वदेशी जींस

योग गुरु बाबा रामदेव का पतंजलि समूह अपने उत्पादों को पाकिस्तान-अफगानिस्तान समेत बड़े अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने रविवार को ऐलान किया कि कंपनी जल्द ही स्वदेशी जींस लाकर कपड़ा बाजार में भी कदम रखेगी।

रामदेव ने कहा कि समूह जल्द ही कपड़ा उद्योग में भी प्रवेश करेगा और इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरुआत में स्वदेशी जींस लांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि युवाओं में इसकी बड़ी मांग है, लिहाजा पतंजलि ने विदेशी ब्रांडों के मुकाबले स्वदेशी जींस बाजार में लाने का फैसला किया है। कंपनी का इरादा इस साल रिफाइंड तेल भी बाजार में लाने का है।

बाबा रामदेव ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पतंजलि समूह ने नेपाल और बांग्लादेश में यूनिट पहले ही स्थापित की है और उनके उत्पाद मध्यपूर्व के देशों तक भी पहुंच गए हैं। सऊदी अरब समेत कई देशों में पतंजलि के उत्पाद काफी लोकप्रिय हैं।

योग गुरु ने कहा कि हम अपना ध्यान गरीब देशों पर केंद्रित कर रहे हैं, ताकि उन देशों से मिले लाभ को वहां विकास कार्यों में खर्च किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में उत्पादों की पहुंच राजनीतिक माहौल पर निर्भर करेगी। लिहाजा माहौल सकारात्मक रहा तो वहां भी इकाइयां स्थापित की जाएंगी। योग गुरु के मुताबिक, कंपनी के उत्पाद कनाडा तक पहुंच चुके हैं। कंपनी के उत्पाद 90 फीसदी मुस्लिम आबादी वाले देश अजरबेजान तक पहुंच चुके हैं। वहां के एक कारोबारी ने पतंजलि के आयुर्वेदिक उत्पादों में रुचि दिखाई है।

पूरे देश में छा जाने की तैयारी
रामदेव के मुताबिक, मध्य प्रदेश, असम, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक समेत कई अन्य राज्यों में यूनिट लगाने की योजना है, ताकि पूरे देश में उत्पादों की पहुंच हो और इन्हें बाहर भी भेजा जा सके। गुणवत्तापूर्ण उत्पादों का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए दो सौ वैज्ञानिकों की एक शोध एवं विकास लैब भी काम कर रही है।

नागपुर में सबसे बड़ी यूनिट लगाएगा समूह
रामदेव ने खुलासा किया कि नागपुर के मिहान में 40 लाख वर्ग फीट में बड़ी इकाई स्थापित की जाएगी। यह यूनिट हरिद्वार की इकाई से ही नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी उत्पादन इकाई होगी। नागपुर की यूनिट में एक हजार करोड़ के निवेश होगा और इससे महाराष्ट्र के 15 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलेगा। नागपुर के निकटवर्ती सेज में एक एक्सपोर्ट यूनिट भी स्थापित की जाएगी।

Courtesy: livehindusthan. Com

No comments:

Post a Comment